बिलारी। थाना क्षेत्र के रूस्तमनगर सहसपुर गांव के मोहल्ला नूरानी मस्जिद के निकट बृहस्पतिवार दोपहर बाद एक प्लॉट की नींव खोदने के दौरान पड़ोसी के मकान की दीवार भराभरा कर गिर गई। दीवार की ईंटों में दबकर नींव खोद रहा एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और ठेकेदार से घायल मजदूर को मुआवजे की मांग उठाई। वहीं पुलिस ने मामले की जांच पूरी होने तक घटनास्थल वाले प्लॉट की नींव की खोदाई पर रोक लगा दी है।
नूरानी मस्जिद से हाईवे की ओर जाने वाली सड़क के किनारे बिलारी नगर निवासी इकरार हुसैन ने खाली प्लॉट खरीदा है। इकरार हुसैन द्वारा मिस्त्री और मजदूरों के माध्यम से इस प्लाट की चहारदीवारी बनवाने के लिए पूरब की ओर से नींव खुदवानी शुरू की गई। इस नींव की खोदाई के लिए ठेकेदार के माध्यम से सहसपुर गांव के राजमहल रोड निवासी मिस्त्री अशोक कुमार तथा उनके साथ दोनों मजदूर भाइयों बंटी कश्यप और अजय कश्यप को लाया गया।
बृहस्पतिवार दोपहर बाद लगभग साढ़े तीन बजे जब दस फीट गहरी बुनियाद नीचे तक खोद दी गई तभी सपोर्ट वाली मिट्टी हट जाने पर पड़ोसी यूसुफ निवासी सहसपुर के मकान की पश्चिम साइड की पूरी दीवार भरभरा कर गिर गई। नींव खोद रहा मजदूर बंटी कश्यप गिरी मलबे में दब गया और बेहोश हो गया। बंटी के भाई अजय और राजमिस्त्री अशोक के शोर मचाने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से बंटी कश्यप को ईंटों का मलबा हटाकर निकाला गया। इस दौरान अजय और अशोक को भी मामूली चोटें आईं।
घायल मजदूर बंटी कश्यप को 108 एम्बुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी बिलारी ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान उसे होश आ गया। सीएचसी के चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर मनाते हुए जिला अस्पताल मुरादाबाद रेफर कर दिया। बंटी कश्यप ने बताया कि उसकी दोनों टांगों और पीठ में काफी चोट आई है। उधर, घटनास्थल पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने घटना के लिए गहरी नींव खुदवाने वाले ठेकेदार जिम्मेदार है। ठेकेदार को मौके पर बुलाकर घायल मजदूर के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाए।
मौके पर थाना बिलारी के सहसपुर पुलिस चौकी दरोगा कृष्ण कुमार सिपाहियों के साथ पहुंचे । उन्होंने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया।
दरोगा ने आश्वासन दिलाया कि ठेकेदार और प्लॉट मालिक को बुलाकर घायल मजदूर के परिजनों को मुआवजा दिलाया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच पूरी होने तक घटनास्थल वाले प्लॉट की नींव की खोदाई पर रोक लगा दी है।