भोजपुर (मुरादाबाद)। भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जहांगीरपुर में बस स्टैंड के सामने पेड़ से लकड़ी काटते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर युवक आग का गोला बन गया। तेज करंट से भड़की आग में घिरकर कुछ सेकेंड में उसका शरीर पूरी तरह जल गया। पेड़ पर झूलते शव को बाद में विद्युत विभाग के अधिकारियों ने क्रेन की मदद से नीचे उतरवाया।
थाना डिलारी के ग्राम हंसुपुरा निवासी मोहम्मद फैजान (18) हेयर कटिंग का काम करता था। रविवार की दोपहर वह लकड़ी लेने के लिए घोड़ा तांगा लेकर ग्राम जहांगीरपुर में बस स्टैंड के पास आया था। फैजान लकड़ी काटने के लिए आम के एक पेड़ पर चढ़ गया। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश की वजह से आम का पेड़ गीला था। पेड़ के पास से ही हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। पेड़ से लकड़ी तोड़ते वक्त फैजान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही उसका शरीर आग का गोला बन गया। कुछ सेकेंड लपटों में घिरे रहने के बाद उसका शरीर निर्जीव होकर पेड़ पर झूल गया।
करीब से गुजरते राहगीरों ने हादसे की सूचना विद्युत विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने ठाकुरद्वारा के विद्युत स्टेशन को फोन कर सप्लाई बंद कराई और क्रेन की मदद से उसके शव को पेड़ से नीचे उतारा।