मुरादाबाद। नागफनी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम को बाइक वापस मांगने पर दोस्त ने मीट व्यापारी को गोली मार दी। इससे मीट व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यापारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस आरोपी और उसके साथियों की तलाश में जुट गई है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के चक्कर की मिलक निवासी राशिद की मीट की दुकान है। कुछ दिन पहले नागफनी थानाक्षेत्र के कोहना मुगलपुरा निवासी सद्दाम ने उनसे बाइक चलाने के लिए ली थी। रविवार को राशिद बाइक वापस लेने के लिए सद्दाम के पास पहुंचा तो उसने बाइक देने से इनकार कर दिया। इसी को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि सद्दाम और उसके भाई सकलैन ने मारपीट शुरू कर दी। सद्दाम ने अपने कुछ साथियों को भी बुला लिया। मीट व्यापारी का आरोप है कि इसी बीच सद्दाम ने गोली चला दी। छर्रे चेहरे पर लगने से मीट व्यापारी बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नागफनी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने राशिद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मीट व्यापारी के परिजनों का कहना है कि कि तीन दिन पहले सद्दाम बाइक मांग कर ले गया था, लेकिन वापस करने नहीं आया। राशिद बाइक वापस लेने के लिए आरोपी की पास गया था। सूचना पाकर सीओ कोतवाली भी जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घटना की जानकारी ली। सीओ ने बताया कि हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।