मुरादाबाद। वन विभाग की टीम ने चेकिंग के दौरान खैर की लकड़ी लदा ट्रक पकड़ा है। जबकि चालक और सह चालक ट्रक में यूकेलिप्टिस की लकड़ी होने की बात कह रहे थे। चेकिंग करने पर पता चला कि ट्रक में खैर की लकड़ी लदी हैं। टीम ने ट्रक को कब्जे में लिया है। जिसे डियर पार्क में खड़ा किया गया है।
वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय निदेशक विजय सिंह ने बताया कि सोमवार को प्रवर्तन दल मुरादाबाद के क्षेत्रीय प्रभारी संजीव कुमार जौहरी के नेतृत्व में टीम ने रामपुर रोड पर वाहनों की चेकिंग की। इसी दौरान एक ट्रक आया। जिसमें लकड़ियां लदी थीं। उन्होंने ट्रक को रुकवा कर चालक और सहचालक से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि ट्रक में यूकेलिप्टिस की लकड़ियां लदी हैं। चेक करने पर ट्रक में खैर की लकड़ियां लदी थीं। उन्होंने बताया कि ट्रक को मय लकड़ियों के डियर पार्क में खड़ा करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि चालक और सह चालक को अदालत में पेश किया गया है। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।