बिलारी। सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने नागरिकों की समस्याएं जानने के लिए मोहल्ला अंसारियान में चौपाल लगाई। चौपाल में विधायक के सामने नागरिकों ने अनेक समस्याएं बताईं।
नगरपालिका परिषद के वार्ड संख्या 13 मोहल्ला अंसारियान क्षेत्र के सभासद रशीद अहमद अंसारी के कैंप कार्यालय पर चौपाल का आयोजन हुआ। चौपाल में सबसे पहले बुनकरों ने अपनी समस्याएं बताते हुए सपा विधायक से मांग रखी की बिलारी नगर में सरकारी सूत डिपो खुलवाया जाए ताकि उन्हें आसानी से सस्ती दर पर कच्चा माल मिल सके। बुनकरों ने पूर्व की तरह रियायती दर पर बिजली मिलने तथा बुनकरों द्वारा तैयार माल को स्थानीय स्तर पर बिकवाने की मांग भी रखी।
नागरिकों ने विधायक से मोहल्ला अब्दुल्ला, हर्षनगर और अंसारियान में शेष रही विद्युत लाइनों पर बंच केबल डाले जाने, कई मोहल्ला आबादी के ऊपर से होकर गुजर रही विद्युत लाइन हटाए जाने, कर्बला का टूटा हुआ कोना ठीक कराना, भविष्य में कर्बला में गंदा पानी न आने, आवेदन करने पर नए विद्युत कनैक्शन आसानी से दिलाने,वार्ड 13 के निचले इलाके में मिट्टी भराव कराने आदि मांगें उठाई। विधायक ने नागरिकों की सभी मांगों का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान सभासद रशीद अहमद अंसारी, सभासद हप्पू राजा अंसारी, सभासद मोहम्मद इस्लाम मसूदी, सभासद जरीफ अंसारी, पूर्व सभासद इसरार अंसारी, पूर्व सभासद हाजी सुब्हान अली, वासिक अंसारी, वसीउददीन, कसीम आजाद आदि मौजूद रहे।