मुरादाबाद। दिसंबर माह में शहरवासियों को कड़ाके की ठंड के लिए तैयार रहना होगा। मौसम विभाग ने इसकी संभावना व्यक्त की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिसंबर में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली और राजस्थान की सूखी हवाएं सिहरन को बढ़ाएंगी।
पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि छह दिसंबर तक मौसम साफ रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा रहेगा और दिन में धूप खिलेगी, लेकिन इसके बाद घना कोहरा शुरू हो जाएगा। चार-पांच दिन अभी बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अन्य वर्षों की तुलना में इस बार दिसंबर से फरवरी माह तक कड़ाके की ठंड रहेगी। इन तीन महीनों में 11 से 15 की संख्या में पश्चिमी विक्षोभ आएंगे। इसके हिसाब से बारिश अच्छी होगी। बार-बार यदि बारिश होगी तो यह फसलों के लिए भी फायदेमंद होगी। पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी होगी। पहाड़ों से आने वाली बर्फीली और राजस्थान से आने वाली पछुआ हवाओं से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ेगी। दिसंबर माह में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है। छह दिसंबर तक अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है।
सोमवार सुबह से ही आसमान साफ था। चटख धूप खिलने की वजह से लोगों ने ठंड से राहत महसूस की। राजकीय इंटर कालेज के मौसम विज्ञान केंद्र के डाटा रीडर निसार अहमद अंसारी ने बताया कि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय वातावरण में नमी 70 फीसदी थी, जो शाम को 64 फीसदी दर्ज की गई।