नराैली। मोहल्ला तेलीवाला कुआं में बुधवार की सुबह बहू का कत्ल करने के इरादे से एक बुजुर्ग सलवार सूट और बुर्का पहन कर घर में चाकू लेकर घुस गया।
परिवार के लोगों ने उसे भिखारी समझा। बुजुर्ग जैसे ही महिला पर हमला करने के लिए झपटा उसी समय वहां माैजूद परिवार के अन्य लोगों ने पकड़ लिया। आरोपी के हाथ में चाकू था। परिजनों ने पुलिस को सौंप दिया।
घटना कस्बा नरौली के मोहल्ला तेलीवाला कुआं में भूरा पुत्र बशीरुद्दीन का मकान है। बुधवार की सुबह साढ़े 10 बजे करीब भूरा अपनी पत्नी व बेटी के साथ घर में बैठा हुआ था। उसी समय एक बुजुर्ग सलवार सूट और बुर्का पहन कर घर में घुस आया। परिवार के लोगों ने मांगने वाली महिला समझ उससे पूछा कि क्या चाहिए।
इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते उसने चाकू निकाल कर अचानक पीड़ित की बेटी फूलजहां पत्नी नासिम पर जानलेवा हमला कर दिया। शोर सुनकर पास पड़ोस के लोग पहुंच गए। परिवार के लोगों ने पड़ोसियों की मदद से आरोपी को घर में ही पकड़ लिया और पुलिस बुला कर सुपुर्द कर दिया। पुलिस उसे थाना बनियाठेर ले आई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल फूलजहां के पिता भूरा ने जनपद रामपुर के थाना सैफनी के मोहल्ला ईदगाह कोट निवासी बजरुल हसन के खिलाफ लिखित रूप में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। कार्यवाहक थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने आरोपी को रिश्तेदार और मानसिक रूप से कमजोर बताया
पीड़ित परिजनों के अनुसार पकड़े गए अधेड़ की ससुराल कस्बा नरौली स्थित मोहल्ला तेली वाला कुआं के भूरा के परिवार में है। भूरा रिश्ते में साला लगता है। साले की बेटी का विवाह आरोपी ने अपने पुत्र से दो वर्ष पर पूर्व किया था। पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से कमजोर है।