कांठ नगर में तेज बारिश के कारण रास्ते में बहता पानी। संवाद
कांठ। मंगलवार को क्षेत्र में पूरे दिन रुक-रुक कर हुई बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दिलाई, वहीं नगर की जल निकासी की भी पोल खोल दी। तेज बारिश के चलते कई स्थानों पर नालों का पानी सड़कों पर फैल गया, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के दौरान कांठ नगर के कई मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई। नालों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा और कुछ स्थानों पर दुकानों तथा घरों में भी पानी घुस गया, जिससे स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दो दिन रुक-रुक कर दो दिन से हो रही बारिश के कारण बाजारों में भी सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। वहीं धर्मेंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह, विनोद बिश्नोई, भूपेंद्र कुमार, विजयपाल सिंह आदि किसानों ने इस बारिश को राहतभरी बताया है। उनका कहना है कि धान, गन्ना तथा अन्य खरीफ फसलों के लिए इस समय वर्षा की अत्यंत आवश्यकता थी। रुक-रुक कर हो रही बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहेगी, जिससे फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और सिंचाई पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी बचेगा। एक ओर जहां बारिश ने मौसम को सुहावना बनाकर लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई तो वहीं दूसरी ओर नगर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल भी खड़े कर दिए।