मुरादाबाद। इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी से एक युवक युवती को अश्लील मैसेज पोस्ट करता था। युवती ने इस मामले में एसएसपी से शिकायत की। शिकायत के आधार पर मझोला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मझोला क्षेत्र की युवती ने पहले घटना से अपने परिजनों को अवगत कराया। मंगलवार को युवती परिवार के साथ जाकर एसएसपी से मुलाकात की। एसएसपी हेमराज मीणा ने इस मामले में तत्काल मझोला पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मझोला पुलिस ने युवती की तहरीर पर आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी।
जांच से पता चला कि मैसेज भेजने वाला नूर आलम जब्बार काॅलोनी कटघर का रहने वाला है। बुधवार को पुलिस टीम ने मझोला क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल जब्त कर लिया। पुलिस के पूछने पर पता चला कि गिरफ्तार आरोपी छठवीं तक ही पढ़ा है। वह कई अन्य लोगों को अश्लील मैसेज पोस्ट कर चुका है। पुलिस ने आरोपी को अदालत के समक्ष पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।