ठाकुरद्वारा। नगर में भावना भारत गैस एजेंसी के गोदाम पर पारिवारिक संपत्ति विवाद में एक पक्ष ने ताला डाल दिया। जिससे रसोई गैस सिलिंडर की डिलीवरी रुक गई। एक पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने गोदाम पर पहुंचकर लगाए गए ताले को दूसरे पक्ष से चाबी लेकर खोल दिया।
गैस एजेंसी संचालिका राम सखी देवी ने इस संबंध में शनिवार को एसडीएम से शिकायत की थी। जिस पर एसडीएम ने कोतवाली प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। कोतवाली प्रभारी के निर्देश पर पुलिस फरीदनगर रोड पर स्थित गोदाम पर पहुंची। पुलिस को पूछताछ करने पर बताया कि गोदाम पर ताला गैस एजेंसी की संचालिका राम सखी देवी के पुत्र सुमित कुमार ने डाला है। इस पर पुलिस ने सुमित कुमार की पत्नी पूर्व ब्लाक प्रमुख प्रेमलता को मौके पर बुलाया। उनसे ताला डालने का कारण पूछा तो प्रेमलता ने दावा किया कि यह जमीन उनके पति के नाम में है। इस पर गलत तरीके से गोदाम बना हुआ है। इस पर कोतवाली के कस्बा इंचार्ज सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इस पर दूसरे पक्ष का कोर्ट से स्टे है। इसलिए यहां पर ताला नहीं डाला जा सकता है। आपको जो भी कहना है कोर्ट में जाकर कहें। उन्होंने कोर्ट के आदेश की कॉपी प्रमुख के पति सुमित कुमार को उनके व्हाट्सएप पर भेज दी। कस्बा इंचार्ज सुरेंद्र सिंह ने स्वयं अपने हाथ से पूर्व ब्लाक प्रमुख से चाबी लेकर गोदाम का ताला खोल दिया। इसके बाद गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुचारू हो गई।