कांठ। नगर के पट्टी मौढ़ा स्थित महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुक्रवार को समापन हुआ। इस अवसर पर छात्र और छात्रा इकाई के स्वयंसेवकों ने गांव मौहड़ी हजरतपुर और गुलड़िया में मतदाता जागरूकता रैलियां निकाल कर लोकतंत्र में मतदान का महत्व बताया।
रैलियों के दौरान उन्होंने घर-घर जाकर मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरूक किया। इसके बाद दूसरे सत्र में बौद्धिक संगोष्ठी हुई। जिसकी शुरूआत मुख्य अतिथि ग्रामीण सहकारी समिति मौहड़ी हजरतपुर के सचिव भूपेंद्र कुमार चौहान ने दीप प्रजवलित कर कराई। राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविका यशिका विश्नोई, दिव्या विश्नोई, आयुषी विश्नोई, आर्या तिवारी ने लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया। साथ ही मतदाता जागरूकता के संबंध में कविताओं, भाषण के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। संगोष्ठी में मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वह मतदान के लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें। जो विद्यार्थी 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं, वह अपने वोट बनवाएं और लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष मतदान करें। विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन सिंह ने कहा कि नागरिकों को अपने कर्तव्यों व कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। संचालन 12वीं की छात्रा गरिमा सिंह और किट्टू यादव ने किया। अंत में प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसी के साथ इस सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी पदम सिंह, ऊषा सिंह, उप प्रधानाचार्य अतवीर सिंह त्यागी, निशिकांत पाठक आदि मौजूद रहे।
.