मुरादाबाद। राष्ट्रीय खेल दिवस पर सोनकपुर स्टेडियम में खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ने लाइव प्रसारण के माध्यम से फिट इंडिया की शपथ दिलाई। स्टेडियम में हॉकी, खोखो, बास्केटबाल और कबड्डी की प्रतियोगिता भी हुई जिसमें विभिन्न स्कूल व क्लब की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुई जीत हासिल की।
हॉकी की स्पर्धा में कुल आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मैच में विशाल स्कूल ने मेजबान स्टेडियम की टीम को 1-0 से शूटआउट में हराकर जीत हासिल की। इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में स्टेडियम ने जीआईसी और विशाल स्कूल ने आकांक्षा विद्यापीठ को हराकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई थी। वहीं खोखो का खिताबी मुकाबला सोनकपुर स्टेडियम और ग्रीन मिडोज के बीच खेला गया जिसमें मेजबान टीम ने जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया। सेमीफाइनल मैच में स्टेडियम की टीम ने रेनबो पब्लिक स्कूल और ग्रीन मिडोज स्कूल ने सेंट मीरा एकेडमी कांशीराम को हराया।
बास्केटबाल के फाइनल मुकाबले में आरएसडी स्कूल ने मेजबान स्टेडियम की टीम को 48-37 के अंतर से हराकर जीत हासिल की। सेमीफाइनल मैच में स्टेडियम की टीम ने सेंट पॉल स्कूल और आरएसडी स्कूल ने आरएसडी एकेडमी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके अलावा कबड्डी की स्पर्धा में सेमीफाइनल मैच में राजेंद्र एकेडमी ने ग्रीन मिडोज को 21-13 और सेंट मीरा एकेडमी कांशीराम नगर ने ग्रीन मिडोज-बी को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। इस स्पर्धा का फाइनल मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह और विशिष्ट अतिथि एडीएम प्रशासन गुलाब चंद्र की मौजूदगी में खिलाड़ियों ने स्वच्छता और फिट इंडिया मूवमेंट की शपथ ली।
इस दौरान जिला युवा कल्याण अधिकारी भगवान दास, क्रीड़ाधिकारी सुनील कुमार, पवन कुमार सिसोदिया, योगेंद्र गौतम, फिरोज खान, अजय विक्रम पाठक, नरेशचंद चौहान, प्रदीप सक्सेना आदि मौजूद रहे।