कटघर थानाक्षेत्र में दस सराय पुलिस चौकी के पास सोमवार सुबह दुकान के बाहर सामान रखने को लेकर दो वर्गों में टकराव हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव कर दिया। इस घटना से मौके पर भगदड़ मच गई।
बाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर मारपीट की और तोड़फोड़ की। पुलिस ने दोनों पक्षों के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दोनों तरफ से केस दर्ज कर लिए गए हैं।दस सराय पुलिस चौकी के पास संभल रोड पर ओमप्रकाश की जूता-चप्पल की दुकान है। जबकि दुकान के पीछे ही मकान बना है।
ओम प्रकाश के बराबर में संजय नगर निवासी हाजी यूनुस की खरात की दुकान है। सोमवार सुबह ओम प्रकाश के बेटे मनोज कुमार ने दुकान खोली और दुकान से सामान निकालकर बाहर रख दिया। इसके बाद दुकान के बाहर बिजली के खंभे पर बंधी रस्सी पर उसने कपड़े टांग दिए।
हाजी यूनुस और उनके बेटे कय्यूम ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि कपड़े अपनी दुकान के सामने ही रखो। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला बढ़ने पर दोनों ने एक दूसरे के साथ मारपीट की। ओमप्रकाश ने बताया कि कय्यूम और उनके पिता ने सूचना देकर अपने घर से अन्य लोगों को बुला लिया।
इसके बाद भीड़ ने ओम प्रकाश की दुकान में पथराव कर दिया और घर में तोड़फोड़ की। घर में मौजूद ओम प्रकाश की बेटी मोहिनी और पत्नी शारदा के साथ भी मारपीट की गई। जबकि हाजी यूनुस ने बताया कि ओम प्रकाश और उनके परिजनों ने मारपीट की और उन्होंने हमारी दुकान में तोड़फोड़ की।
दो वर्गों में टकराव की जानकारी पर पुलिस में हड़कंप मच गया। खबर मिलने पर सीओ कटघर भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मामला शांत करा दिया। सीओ विजय प्रताप सिंह ने बताया कि दो दुकानदारों के बीच विवाद हुआ था।
ये इत्तफाक है कि दोनों दुकानदार अलग अलग वर्ग हैं। दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हाजी यूनुस की तबीयत खराब होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।