कुंदरकी। तेज बारिश के बीच कुंदरकी ब्लॉक की ग्राम पंचायत बघी गोवर्धनपुर में कई वर्षों से बदहाल एक सड़क पर जलभराव होने और कीचड़ पसरने से ग्रामीण परेशान हैं। इस सड़क पर जलभराव होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए जलभराव और कीचड़ में धान की रोपाई शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि सिस्टम की अनदेखी की वजह से सड़क ही हालत जब खेत जैसी बन गई है तो उस पर धान ही लगाया जाए। बताया कि गांव की यह सड़क पिछले कई वर्षों से पूरी तरह जर्जर पड़ी हुई है। अब बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा और जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते इस जलभराव और कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बुजुर्ग और महिलाएं आए दिन कीचड़ में फिसल कर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क का निर्माण कराकर जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है ताकि गांव के लोगों को समस्या से राहत मिल सके। वहीं पंचायत सचिव राशिद मलिक का कहना है कि यह सड़क जंगल की ओर से जा रही है जिसको कार्ययोजना में शामिल करके जलभराव की समस्या को दूर कराया जाएगा।