कांठ। कांवड़ पथ पर शराब की दुकानों का विरोध करते हुए गांव मोहड़ी हजरतपुर के ग्रामीणों ने फिर से अधिकारियों को ज्ञापन दिया है। इसी के साथ एसडीएम से मिलकर शराब की दुकानों से होने वाली समस्याओं के बारे में बताया और इन्हें यहां से हटवाकर दूसरे स्थान पर शिफ्ट कराने की मांग की।
बुधवार को कांठ के गांव मोहड़ी हजरतपुर के तमाम महिला और पुरुष ग्रामीण एकत्र होकर तहसील पहुंचे। यहां भाजपा पदाधिकारियों के साथ ग्रामीणों ने एसडीएम के नाम ज्ञापन तहसीलदार कपिल कुमार आजाद को देते हुए कहा कि कांवड़ पथ पर शराब की दुकानें नियम विरुद्ध हैं। जहां पर दुकानें हैं, वहां कुछ दूरी पर ही शनिदेव का मंदिर और एक धार्मिक आश्रम भी है।
यहां शराब की दुकानों पर पूरा दिन असामाजिक तत्व उत्पात मचाते हैं और आने-जाने वालों पर टिप्पणी कर गाली-गलौज करते हैं।
ग्रामीणों ने यहां से शराब की दुकानों को कहीं दूसरे स्थान पर शिफ्ट कराने की मांग की। इसके बाद ग्रामीण एसडीएम स्निग्धा चतुर्वेदी से भी मिले और अपनी समस्या को उनके समक्ष रखा। एसडीएम ने बताया कि उनके द्वारा पूर्व में आबकारी अधिकारी को पत्र भेजा हुआ है। ग्रामीणों और महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह शराब की दुकानों के पास ही धरना-प्रदर्शन करेंगे। ज्ञापन देते वालों में भाजपा नेता सत्यवान सिंह राजपूत, भाजपा के मंडलाध्यक्ष अंकुश कुमार चौहान, प्रमोद चौधरी, चंचल पाल, मनीष चौहान, मोनिका, दयावती, नीरज, रामवती देवी, ममता, सुषमा देवी, पूनम देवी, नन्हीं, ज्योति, दीया, दयावती, रीना, विमला, मीना, पिंका, पूजा देवी, नीरज रानी आदि रहे।