फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: पुराने निजी तालाब को पाटने के विरोध में ग्रामीण ने किया प्रदर्शन

Sat, 14 Jun 2025 02:15 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
बिलारी। ब्लॉक के स्योंडारा गांव में मंगूपुरा रीठ रोड के निकट पुराने निजी तालाब का पटान शुरू होते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने तालाब पटान को मिट्टी लेकर आए डंपर को रोक दिया और मौके पर प्रदर्शन कर समस्या के समाधान की मांग उठाई। बाद में कुछ ग्रामीणों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन देकर तालाब पटान करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।
विज्ञापन

स्योंडारा गांव के उत्तर पूरब के मोहल्ले में पिछड़े और अनुसूचित जाति के वर्ग के लोगों की आबादी है। यहां मंगूपुरा रोड के किनारे वाल्मीकि मंदिर बना होने के अलावा एक काफी चौड़ा और गहरा तालाब भी है। इसी तालाब में स्योंडारा के अनेक घरों की आबादी का पानी आता है। तालाब के तीन ओर पुरानी आबादी बसी होने के अलावा उत्तर की ओर मंदिर की भूमि है। तालाब वाली जगह राजस्व अभिलेखों में कई लोगों के नाम संक्रमणीय कृषक भूमि दर के रूप में दर्ज है। यही संक्रमणीय भूमिधर अब तालाब की इस भूमि में मिट्टी का पटान करा रहे हैं।
मोहल्ले के ग्रामीणों का कहना है कि गांव में हुई चकबंदी प्रक्रियाओं से पहले लगभग साठ साल से इसी पुराने गहरे तालाब में आस पास की आबादी का पानी आता है। यदि तालाब का पटान हो गया तब फिर आबादी के घरों का पानी कहां जाएगा। शुक्रवार दोपहर स्योंडारा निवासी अवधेश कुमार, स्वराज सिंह, सूरजपाल सिंह, बंटी वाल्मीकि,सुनील, पवन, श्याम, रामवीर, रितिक, नन्हें, राजन, रामवीर, राममसीह आदि ने तहसील पहुंचकर एसडीएम को ज्ञापन देकर कहा कि आबादी का पानी वर्षों से परम्परागत तरीके जिस पुराने तालाब में जा रहा है उस तालाब को मौके पर न पटाने दिया जाए।
विज्ञापन

उधर शुक्रवार सुबह लगभग दस बजे जब मिट्टी से भरे दो डंपर मौके पर तालाब को पाटने पहुंचे तब बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन करके डंपर को रुकवा दिया। पता चला है कि डंपर भेजने वाले ठेकेदार ने स्योंडारा पुलिस चौकी पहुंचकर ग्रामीणों के खिलाफ शिकायती पत्र दिया। डंपर रोक कर प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों का कहना था कि तालाब को जाने का कोई निजी रास्ता नहीं है। रात्रि में मंदिर की दीवार और उनके प्लाट की दीवार जेसीबी से तोड़कर डंपर लाए जा रहे हैं। ग्रामीणों की सूचना पर एसडीएम ने नायब तहसीलदार बिलारी और स्योंडारा हल्के के लेखपाल को मौके पर जांच करने के लिए भेजा। नायब तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें