कांठ। क्षेत्र के गांव भरतपुर से पिछले दिनों दो तेंदुए पकड़े जाने के बाद यहां अब फिर से तीसरा तेंदुआ दिखाई देने का दावा ग्रामीणों के द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग अधिकारियों को देते हुए तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है।
कांठ के गांव भरतपुर निवासी निर्वेश देवी पर 15 सितंबर को खेत में काम करते समय तेंदुए ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जिसके बाद यहां वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर यहां से 17 सितंबर को एक तेंदुए को पकड़ा था। इसके बाद भी टीम ने कई दिन तक यहां डेरा डाले रखा था। इसके बाद इसी स्थान से 26 नवंबर को टीम ने दूसरा तेंदुआ भी पकड़ा था। लेकिन अब फिर यहां तीसरा तेंदुआ दिखाई देने का दावा ग्रामीणों के द्वारा किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को उन्होंने वन विभाग को भी इसकी सूचना दी है। इधर कांठ के मौहड़ी हजरतपुर में बुधवार की सुबह गन्ने के खेत में मिले तेंदुए के दोनों शावकों को बृहस्पतिवार की शाम तक भी मादा तेंदुआ उठाकर नहीं ले गई थी। वन विभाग ने दोनों शावकों को खेत में ही रख दिया था, ताकि इन्हें यहां न देख तेंदुआ आक्रमण न हो जाए। बता दें कि क्षेत्र में हर-रोज कहीं-न-कहीं तेंदुए दिखाई देने से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। किसान खेतों में जाने से कतरा रहे हैं। जबकि इस समय खेतों में कृषि कार्य का समय चल रहा है। वन विभाग के डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों शावकों की लगातार निगरानी की जा रही है, इन्हें ठंड से भी बचाए रखने के इंतजाम किए गए हैं। बताया कि भरतपुर में फिर तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली है, यहां टीम को भेजकर मौका मुआयना कराया जाएगा।