मुरादाबाद। जिला समाज कल्याण अधिकारी मोहम्मद मुस्ताक अहमद ने बताया कि यदि वृद्धावस्था पेंशन पाने वाले लाभार्थियों ने 25 सितंबर तक अपने आधार कार्ड का लिंक बैंक खाते से कराया तो उनको एक साल की पेंशन एक मुश्त मिल जाएगी। इसके बाद पेंशन लेने के लिए लाभार्थियों को परेशान होना पड़ेगा।
समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर फरवरी से ही वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थियों को आधार कार्ड से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। विभाग के प्रयास से 45442 में 32308 पेंशनर्स के सत्यापन के दौरान आधार कार्ड बैंक खातों से जोड़े गए। सही पता अंकित नहीं होने के कारण विभाग के कर्मचारियों को भी पेंशनर्स को ढूंढने में दिक्कत हो रही है। इसी कारण अभी 13134 पेंशनर्स के खाते आधार से नही जुड़ पाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी बुजुर्ग को आने में असुविधा है तो उसे 14567 पर कॉल करना चाहिए। समाज कल्याण विभाग की टीम उसकी मदद के लिए घर तक संपर्क करेगी। आधार खातों से लिंक होते ही पेंशनर्स के खाते में तीन माह नहीं पूरे 12 महीने की पेंशन खाते में आ जाएगी।