मुरादाबाद। धनतेरस और दिवाली को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। शहर के मुख्य बाजारों में वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। गुरहट्टी चौराहे से लेकर मंडी चौक तक दो पहिया वाहन भी नहीं चलेंगे। इस दौरान वाहनों को बदले मार्ग से चलाया जाएगा। यह व्यवस्था शुक्रवार की दोपहर 12 बजे से लेकर 20 अक्तूबर की शाम छह बजे तक रहेगी। इसके अलावा बाजारों में खरीदारी करने वाले ग्राहकों और दुकानदार के लिए चार अस्थायी पार्किंग भी बनाई गई हैं। एसपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि गुरहट्टी चौराहे से कोतवाली की ओर केवल पैदल ही जा सकेंगे जबकि इंपीरियल तिराहे की ओर से आने वाले वाहनों के लिए हिंदू कॉलेज में पार्किंग किया जाएगा। गुरहट्टी चौराहे से मंडी चौक तक जगह पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे और गलियों में बैरियर लगाए जाएंगे ताकी लोग इन गलियों से बाइक, स्कूटी लेकर बाजार नहीं पहुंचे।
-
यह रहेगी व्यवस्था
- गुरहट्टी चौराहा से टाउनहॉल की ओर बाइक, स्कूटी, ई-रिक्शा, ऑटो, कार समेत सभी तरह के वाहनों का पूरी तरह से संचालन प्रतिबंध रहेगा। इन वाहनों के लिए मंडलायुक्त कार्यालय के पास, जेल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है जबकि दो पहिया वाहन की पार्किंग घास मंडी धर्मशाला में होगी।
- नीम का प्याऊ वाली गली से भी कोई वाहन गुरहट्टी चौराहे और टाउनहॉल की ओर नहीं जाएगा।
- इंपीरियल तिराहे से बुधबाजार की ओर जाने वाले वाहनों के लिए हिंदू कॉलेज में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
- बुधबाजार से आने वाले दो पहिया वाहनों के लिए टाउनहॉल स्थित सरकारी अस्पताल तक आ सकेंगे।
- ताड़ीखाना से बुधबाजार चौराहे की ओर जाने वाले केवल दो पहिया टाउनहॉल स्थित सरकारी अस्पताल तक आ सकेंगे।
- संभली गेट से मंडी चौक की तरफ आने वाले बाइक और छोटे वाहन गलशहीद थाने के सामने से होकर शहर की ओर जाएंगे। बाजार में नहीं घुस सकेंगे।
- एस कुमार चौराहा से मंडी चौक की ओर जाने वाले वाहनों को गोकुलदास गर्ल्स डिग्री कॉलेज के पास रोक दिया जाएगा।
- जामा मस्जिद से मंडी चौक की ओर आने वाले बाइक, कार, ऑटो, ई-रिक्शा के लिए जीआईसी मैदान में पार्किंग बनाई गई है।
- तहसील स्कूल से चौमुखा पुल और कटरा नाज से अमरोहा गेट की ओर भी किसी भी प्रकार के वाहन नहीं जा सकेंगे।
- असालतपुरा से अमरोहा गेट और बुधबाजार से असालतपुरा की ओर सभी तरह के वाहनों का संचालन बंद रहेगा।
- कांठ रोड पर मधुबनी तिराहा से साईं मंदिर की ओर बाइक, स्कूटर, ई-रिक्शा, कार, ऑटो नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों की पार्किंग सदर तहसील किला के पास की जाएंगी।
- कांठ रोड पर पीएसी तिराहे से हरथला तक कोई भी वाहन रोड पर खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। इन वाहनों की पार्किग नई तहसील के पास की जाएगी।
- नवीननगर बाजार में कोई वाहन नहीं जाएगा। यहां आने वाले ग्राहकों को अपने वाहन तहसील के पास खड़े करने होंगे।