कांठ। नगर में तहसील के सामने से होकर निकल रहे वीर अब्दुल हमीद रोड (मंडी समिति मार्ग) आज पूरी तरह से जर्जर हो गया है। जिससे इस पर अब चलना भी दुशवार है। हर रोज इस रोड पर हादसे भी हो रहे हैं। जिससे दो पहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं।
नगर पंचायत प्रशासन के द्वारा कई साल पहले बनवाया गया वीर अब्दुल हमीद रोड अब टूट चुका है। रोड के पत्थर उखड़कर फैल गए हैं, जिससे दो पहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है। पत्थर और बजरी उखड़ने से बाइकें, स्कूटी आदि फिसल भी रहे हैं। नगर में यह वीर अब्दुल हमीद रोड पिंडदान स्थल से शुरू होकर प्राथमिक विद्यालय माननगर तक जाता है। इसके आगे यह मार्ग से मोहल्ला फकीरगंज, संत रविदास धर्मशाल, रामलीला मैदान होते हुए कुमार पेट्रोल पंप पर मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर आकर मिलता है। लेकिन वर्तमान में इस मार्ग के जर्जर होने से नगरवासी परेशान हैं। पिछले दिनों भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने भी एसडीएम को दिए ज्ञापन में वीर अब्दुल हमीद मार्ग के जर्जर होने का मुद्दा उठाया था। विनोद कुमार, अरविंद बिश्नोई, जितेंद्र बिश्नोई, रामपाल सिंह, अंकित शर्मा, मुकुल कुमार आदि ने मार्ग को दोबारा से बनवाने की मांग की है।