मुरादाबाद। शहर के कई इलाकों में अभिभावक बच्चों का टीकाकरण कराने के लिए तैयार नहीं हैं। स्वास्थ्य विभाग के समझाने पर करीब 500 परिवारों ने बच्चों को पहली बार टीके तो लगवा दिए लेकिन अब दूसरी डोज लगवाने से पीछे हट रहे हैं।
करूला, रहमत नगर, संभल रोड, जयंतीपुर समेत कई इलाकों में यह स्थिति बनी हुई है। स्वास्थ्यकर्मियों के सामने इन परिवारों को टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया से जोड़ना चुनौती बना हुआ है।
बच्चों को जन्म से लेकर दो वर्ष की उम्र तक अलग-अलग चरणों में कई टीके लगाए जाते हैं। इनमें खसरा-रूबेला (एमआर) का दूसरा टीका 16 से 24 महीने की उम्र में लगाया जाता है। इसके अलावा डीपीटी और पोलियो के बूस्टर टीके भी निर्धारित उम्र पर लगते हैं। समय पर सभी टीके लगने से बच्चों को गंभीर संक्रामक बीमारियों से बचाव मिलता है। बीच में टीकाकरण छूटने से सुरक्षा अधूरी रह जाती है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि छूटे परिवारों को टीकाकरण से जोड़ने के लिए अभियान चल रहा है। टीमें घर-घर जाकर संपर्क कर रही हैं। एक माह के भीतर बेहतर परिणाम दिखेंगे।