मुरादाबाद। बुध बाजार में सड़क किनारे खड़े वाहनों से पार्किंग शुल्क वसूले जाने को लेकर शुक्रवार को विवाद हो गया। सुपर मार्केट के सामने पार्किंग शुल्क की पर्ची काटने को लेकर ठेकेदार के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर मारपीट की नौबत आ गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर बुध बाजार पुलिस चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। इस दौरान काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बुध बाजार में पार्किंग के लिए जगह तय नहीं है। इसके बावजूद सड़क और डिवाइडर के किनारे वाहन खड़े कराकर उनसे पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। लोगों ने कर्मचारियों से पार्किंग ठेके से संबंधित नगर निगम का आदेश या अनुमति पत्र दिखाने को कहा।
इसी बात को लेकर वाहन चालकों और पार्किंग कर्मचारियों के बीच भी बहस हुई। पर्ची काटने और शुल्क लेने को लेकर कई वाहन चालक विरोध करते नजर आए। सुपर मार्केट के सामने सड़क किनारे वाहनों की कतार लगने से यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों का कहना था कि जहां वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए, वहां कई स्थानों पर ठेले और कैनोपी लगी हुई हैं। इसके कारण वाहन सड़क पर खड़े किए जा रहे हैं और इन्हीं वाहनों से पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है।
विवाद के दौरान कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि नगर निगम की ओर से पार्किंग का ठेका दिया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मामला शांत करा दिया। फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य रही।