पड़ोसियों ने करैक्टर पर कीचड़ उछाला तो शहर के एक संस्थान में मॉस कम्युनिकेशन का कोर्स कर रही संभल की छात्रा ने फेसबुक पर वीडियो अपलोड करके सुसाइड की धमकी दे डाली। छात्रा का वीडियो सोशल साइट्स पर वायरल हुआ तो पुलिस के भी हाथ पैर फूल गए।
पुलिस तुरंत खोजते हुए छात्रा के लाजपत नगर स्थित रूम पर पहुंची और उसे थाने ले आई। पुलिस ने छात्रा के पड़ोसमें रहने वाले एक दंपति को हिरासत में लिया है। संभल जिले की एक युवती मुरादाबाद में दिल्ली रोड स्थित एक संस्थान में पत्रकारिता का कोर्स कर रही है।
छात्रा कटघर थाना क्षेत्र में लाजपत नगर में अजीत कुमार के मकान में किराये पर रहती है। इसी मकान में प्रोपर्टी डीलर पंकज और उसकी पत्नी संतोष भी रहते हैं। छात्रा ने बताया कि कई दिन से उसे कोई युवक फोन पर तंग कर रहा था। शुक्र वार की रात वह कटघर थाने शिकायत दर्ज कराने गई थी।
थाने से वापस लौटी तो मकान का मुख्य गेट बंद था। छात्रा ने दरवाजे पर दस्तक दी लेकिन किराएदार ने दरवाजा खोलने से इंकार कर दिया। छात्रा का आरोप है कि पंकज और उसकी पत्नी ने उसे चरित्रहीन बताते हुए कहा कि वह वक्त बेवक्त आती है, इसलिए गेट नहीं खोलेंगे। इसे लेकर छात्रा का विवाद हो गया और बाद में मारपीट हो गई।
छात्रा की शिकायत पर पुलिस पहुंची लेकिन कार्रवाई के बजाए दोनों पक्षों को समझाबुझाकर लौट गई। पुलिस के रवैय्ये से दुखी छात्रा ने अपनी जान देने की ठान ली। शनिवार को उसने अपना एक वीडियो बनाया जिसमें कहा कि लोग उसके चरित्र पर लांछन लगा रहे हैं इसलिए वह सुसाइड कर लेगी।
वीडियो में छात्रा के कमरे में पंखे पर कपड़े से फंदा बना दिख रहा था। छात्रा ने अपना यह पांच मिनट का वीडियो शनिवार देर शाम फेसबुक पर शेयर कर दिया। छात्रा के दोस्तों ने एफबी पर वीडियो देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। इससे पहले कि छात्रा कुछ करती तुरंत हरकत में आई पुलिस उसके रूम पर पहुंच गई और छात्रा को थाने ले आई।
इंस्पेक्टर कटघर एसपी सिंह ने बताया युवती की शिकायत पर केस दर्ज किया जा रहा है। दोनों किराएदारों में विवाद हुआ था। गौरतलब है कि युवती ने रामपुर निवासी ट्रांसपोर्टर से प्रेम विवाह किया था। लेकिन दोनों के बीच भी टकरार चल रही है।