संभल में 176 के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट लिखी गई है। 3.45 करोड़ का जुर्माना लगाया गया है। इसमें बकायेदार भी बिजली चोरी करते पकड़े गए हैं। सभी पर अलग अलग जुर्माना भार के हिसाब से तय किया गया है। वसूली की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
संभल में बिजली विभाग की टीम ने मोहल्ला दीपा सराय, मियां सराय, रायसत्ती और हिंदूखेड़ा इलाके के 176 लोगों के खिलाफ मंगलवार को बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। साथ ही 3.45 करोड़ का जुर्माना भी लगाया है। वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विज्ञापन
अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कुलदीप कुमार विश्नोई के नेतृत्व में नगर के मोहल्ला दीपा सराय, हिंदूपुरा खेड़ा, रायसत्ती और मियां सराय में तीन दिन तक अभियान चलाया गया।
जिसमें 176 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई थी। इसमें बकायेदार भी बिजली चोरी करते पकड़े गए हैं। सभी पर अलग अलग जुर्माना भार के हिसाब से तय किया गया है। वसूली की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
विज्ञापन
मस्जिद को बना दिया था मिनी बिजलीघर, 150 घरों में थी सप्लाई
एक मस्जिद में चोरी की बिजली जलाने के साथ ही करीब 150 घरों में सप्लाई दी जा रही थी। मस्जिद को एक तरह से मिनी बिजलीघर बना दिया था। अभियान के दौरान एक मस्जिद की छत पर तारों का गुच्छा मिला था।
जिससे अनुमान लगाया गया था कि 150 मकानों के लिए कटिया कनेक्शन किए गए थे लेकिन कार्रवाई की सूचना के बाद लोगों ने अपने घर या खंभे के नजदीक से केबल को काट दिया था। अलग अलग स्थानों पर भी इसी तरह केबल काटने के निशान मिले थे। जिससे अनुमान लगाया गया था कि करीब 300 घरों में बिजली चोरी की जा रही थी।
जब्त किया गया केबल दो ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर भेजा गया
मस्जिदों पर पकड़ी गई बिजली चोरी में हैरान कर देने वाली बात यह सामने आई कि किसी छोटे बिजलीघर की तरह केबल का जाल बिछा हुआ था। अलग अलग लोगों के घरों में बिजली सप्लाई जा रही थी। बिजली विभाग की टीम ने सभी स्थानों से केबल को एकत्र कर लिया है। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि दो ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर जब्त केबल बिजलीघर भेजा गया है।
दीपा सराय में बिजली चेकिंग करने में डरते थे कर्मचारी
दीपा सराय में बिजली चोरी करने वालों के हौंसले इसलिए भी बुलंद थे क्योंकि बिजली विभाग की ओर से चेकिंग नहीं की जाती थी। इसका कारण यह सामने आया कि विभागीय अधिकारी और कर्मचारी इस इलाके में जाने से डरते थे। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि पतली और संकरी गलियों के कारण भी टीम नहीं जाती थी। टीम कहीं न कहीं डरती थी। डीएम और एसपी के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया है। साथ ही अब केबल भी बदल दिए हैं। खंभे भी लगाए गए हैं।
एसपी दे चुके हैं बिजली चोरी करने वालों को चेतावनी
तीन दिन पहले दीपा सराय में बिजली चेकिंग अभियान के दौरान एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने लेागों को बुलाकर चेतावनी दी थी कि बिजली चोरी करना बंद कर दें। यदि बिजली चोरी बंद नहीं होती है तो सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। आगे कहा था कि बिजली विभाग के अधिकारी इस इलाके में चेकिंग करने से डरते थे, लेकिन अब इस इलाके में बिजली विभाग के किसी अधिकारी या कर्मचारी को डराया या धमकाया गया तो सख्त कार्रवाई होगी। इसलिए बिजली चोरी करना बंद करें और कनेक्शन से बिजली का इस्तेमाल करें।
हर 30 मिनट में मिलेगी स्मार्ट मीटर की अपडेट, चोरी भी पकड़ी जाएगी
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि स्मार्ट मीटर संभल के कई मोहल्लों में लगाए जा रहे हैं। इन स्मार्ट मीटर से विभाग और उपभोक्ता को प्रत्येक 30 मिनट की अपडेट मिलती रहेगी। इसके अलावा बिजली चोरी की गई तो उसकी भी जानकारी मिल जाएगी। जिससे विभाग द्वारा कार्रवाई करना आसान होगा। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि आर्मर्ड केबल भी इसलिए खींचे जा रहे हैं जिससे कटिया कनेक्शन न डाला जा सके।
इन मस्जिद और मदरसे में पकड़ी गई थी बिजली चोरी
नखासा मस्जिद में बिजली चोरी पकड़ी जाने पर 12.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
दीपा सराय में निहारियो वाली मस्जिद में बिजली चोरी पकड़े जाने पर 4.28 लाख रुपये का जुर्मान लगाया है।
नखासा इलाके की गंज वाली मस्जिद में बिजली चोरी के मामले में 8.24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
दीपा सराय में स्थित मोहम्मदी वाली मस्जिद में बिजली करने के मामले में 4.07 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
खग्गू सराय मदरसे में 9.2 किलोवाट भार की बिजली चोरी पकड़े जाने पर 9.41 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।