उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के बिलारी नगर के मोहल्ला महाजन में कुमार वाली गली में पत्नी पर शक करने वाले पति ने उसे कुल्हाड़ी से वार कर मार डाला। मृतका सीमा के पति बालूराम ने फर्श पर सोती हुई अपनी पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या करने के तुरंत बाद हत्यारा पति घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी लेकर सीधे कोतवाली पहुंच गया। पति ने पुलिस को बताया कि मैंने अपनी पत्नी को मार डाला है। सूचना पर कोतवाली प्रभारी गजेंद्र त्यागी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतक का शव अपने कब्जे में लिया। कोतवाल के बुलावे पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला मुरादाबाद की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सीओ बिलारी महेंद्र कुमार शुक्ल भी मौके पर पहुंच गए। पता चला है कि मृतका सीमा से बालू राम की शादी वर्ष 2011 में हुई थी।
सीमा का मायका बिहार प्रांत के किस जिले का है इसकी जानकारी नहीं है। सीमा को उसकी रिश्ते की चाची बालूराम के हाथों बेच कर गई थी। हत्यारे पति बालूराम का कहना है कि उसकी पत्नी अपने पास दो मोबाइल फोन रखती थी और वह अक्सर लड़कों से बात करती थी।
एक दिन पहले उसकी पत्नी ने धमकी दी थी कि यदि वह उसे फोन पर बात करने से रोकेगा तब वह उसका काम तमाम करा देगी। उसने पत्नी से परेशान होकर स्वयं ही कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी। पंचनामा कर शव को भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। यह घटना आज तड़के 3:00 बजे की है।