स्वार विधायक ने एक्स पर किया पोस्ट और लिखा पत्र
- फोटो : संवाद
रामपुर के स्वार-टांडा के विधायक ने शुक्रवार की दोपहर को सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि एक थार है जिस पर विधायक लिखा है और नकली पास लगा है। इससे मेरी पहचान का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। इस गाड़ी से मेरा कोई संबंध नहीं है।
इस पोस्ट के साथ ही पुलिस सक्रिय हो गई। लेकिन दो घंटे बाद ही उन्होंने प्रभारी निरीक्षक स्वार को एक पत्र भेजा जिस पर लिखा मेरे द्वारा गहनता से जांच करने पर पाया गया कि उपरोक्त गाड़ी मेरी स्वयं की पारिवारिक गाड़ी है और गाड़ी पर लगा पास भी मेरा है। लिहाजा अब गाड़ी के बारे में की गई पोस्ट के संबंध में कोई कार्रवाई नहीं चाहता।
दरअसल स्वार क्षेत्र में विधायक लिखी एक थार दौड़ रही थी। उस पर पास भी लगा हुआ था। इसकी जानकारी विधायक शफीक अहमद अंसारी अपना दल (एस) को हुई। उन्होंने तत्काल एक्स पर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर लिखते हुए पोस्ट की और पुलिस अफसरों को टैग किया।
अब विधायक की पोस्ट थी लिहाजा अमले ने भी चेकिंग शुरू कर दी। एक थाने से दूसरे थाने तक कंट्रोल रूम से मैसेज दौड़ने लगा। इससे् पहले कि पुलिस के हाथ थार तक पहुंचते विधायक ने स्वार कोतवाली के प्रभारी को तत्काल एक पत्र भेज दिया और कहा कि वह गाड़ी उनकी पारिवारिक है लिहाजा किसी प्रकार की कार्रवाई न की जाए।
स्वार क्षेत्र में इसे लेकर दिए भर चर्चाएं रहीं। सीओ अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि विधायक की सूचना के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी। अब मामले की विधिक प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हर शहर में विधायक लिखी गाड़ियों की भरमार
इस समय हर विधानसभा में विधायक लिखी गाडि़यों की भरमार है। विधायक भले ही विधानसभा में एक है लेकिन हर सीट पर दस से भी ज्यादा गाडि़यां दौड़ रही हैं। स्थिति यह है कि अब खुद जनप्रतिनिधि भी ऐसी गाड़ियों पर कार्रवाई की मांग करने लगे हैं।
पिछले दिनों मंडल भर में अभियान भी चला था। तब भी कई ऐसी गाड़ियां पकड़ी गईं थीं जो विधायकों के रिश्तेदारों की निकली थीं। जबकि कुछ ऐसी भी गाड़ियां सामने आईं जिनका विधायकों से कोई मतलब ही नहीं था लेकिन फिर भी विधायक लिखा हुआ था।