मुरादाबाद जिले के अधिकारियों को 1978 के संभल दंगे से जुड़ी पांच से अधिक फाइलें मिली हैं, जिनका अध्ययन जारी है। जल्द ही फाइलें मंडलायुक्त कार्यालय भेजी जाएंगी, जबकि शासन के निर्देशों का इंतजार है। सीएम योगी द्वारा चर्चा के बाद गृह विभाग ने संभल प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है।
मुरादाबाद जिले के अधिकारियों को 47 साल पहले 1978 में हुए संभल दंगे से जुड़ी कई फाइलें मिल गई हैं। शीघ्र ही यह सभी फाइलें मंडलायुक्त कार्यालय भेजी जाएंगी। अधिकारी अभी इन फाइलों का अध्ययन कर रहे हैं। विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दाैरान सीएम योगी द्वारा संभल दंगों की चर्चा के बाद से जिले के अधिकारी सक्रिय हैं।
विज्ञापन
इस मामले में प्रदेश के गृह विभाग ने संभल जिला प्रशासन से भी रिपोर्ट मांगी है। चूंकि दंगे के समय संभल मुरादाबाद जिले का ही हिस्सा था इसलिए दंगे की अधिकतर फाइलें जिले के कार्यालयों में ही थीं। इसकी जानकारी अधिकारियों को नहीं थी।
मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने भी इस मामले में बैठक कर अभियोजन अधिकारियों से पूछताछ की थी लेकिन तब फाइलों की जानकारी नहीं मिल पाई थी। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि दो दिन पहले जिले के कर्मचारियों ने दंगे से जुड़ी पांच से अधिक फाइलें ढूंढ निकाली हैं।
विज्ञापन
शीघ्र ही यह फाइलें मंडलायुक्त को भेजी जाएंगी। इन फाइलों में दंगे से संबंधित काफी विवरण है। फिलहाल अधिकारी फाइलों का अध्ययन कर रहे हैं। फाइलों में रिपोर्ट किसके पक्ष में है, यह जानकारी गोपनीय है। मंडलायुक्त का कहना है कि शासन से अभी उन्हें कोई निर्देश नहीं मिला है। शासन का निर्देश मिलने पर साक्ष्य जुटाए जाएंगे।