रामपुर की दो फर्मों की हुई कुर्की
जीएसटी का बकाया भुगतान नहीं करने पर रामपुर जिले की दो फर्मों को सील कर कुर्की की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा अन्य फर्मों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सूचीबद्ध किया गया है। शासन के निर्देश पर संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) शैलेंद्र उपाध्याय ने रामपुर के राज्य कर अधिकारियों के साथ मिलकर बृहस्पतिवार को जीएसटी के बड़े बकायेदारों के खिलाफ कुर्की और वसूली का अभियान चलाया।
अधिकारियों की टीम ने बताया कि रामपुर जिले के पीला तालाब रोड, मस्जिद मौलवी मुकीम साहब, मोहल्ला झंडा स्थित इब्राहिम सलीम एंड जनरल ऑर्डर सप्लायर पर 41.19 लाख बकाया था। पैसे का भुगतान नहीं करने पर फर्म के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करते व्यापार स्थल को सील किया गया।
इसी प्रकार फैजुल्लानागर मोदीपुर, तहसील सदर की फर्म एनपी इंटरप्राइजेज पर 46.38 लाख का बकाया था। पैसे का भुगतान नहीं करने पर कुर्की की कार्रवाई करते हुए व्यापारिक प्रतिष्ठान को सील किया गया।
राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने जीएसटी के बड़े बकायेदारों की चल अचल संपत्तियों को सूचीबद्ध किया गया है। इस दौरान संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) शैलेंद्र उपाध्याय, उपायुक्त संदेश कुमार जैन, अनीता सिंह, उदय प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त राधे श्याम यादव, प्रदीप कुमार मौजूद रहे।