सिर में लगीं चार गोलियां एक कंधे के पास बाजू में
दो बजे रात से तड़के चार बजे तक चले पोस्टमार्टम में उजागर हुआ है कि चार गोलियां तो दानिश के सिर में ही लगी है। पांचवीं गोली दायें कंधे के पास बाजू में लगी। इनमें से सिर्फ की एक गोली सिर में फंसी मिली है, जिसके लिए शव का एक्सरे भी कराया गया। बाकी सभी गोलियां आरपार निकली हैं। फंसा मिला बुलट .32 बोर का है। इसे संरक्षित कर पुलिस को दे दिया गया है। इससे साफ है कि सिर में ही एक साथ इतनी गोलियां मारने से खुन्नस कितनी होगी। इधर, हत्या की खबर पर ससुराल पक्ष से मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा के पूर्व विधायक उनके ससुर डॉ. मोहम्मद उल्लाह चौधरी का परिवार भी यहां पहुंच गया था।
जनाजे में उमड़ी भीड़, परिवार में कोहराम
सुबह से ही दानिश के घर भीड़ उमड़ रही थी। सियासी, सामाजिक व एएमयू से जुड़े लोग जमा होने लगे थे। दोपहर में अमीर निशा स्थित घर से जनाजा एएमयू कब्रिस्तान के लिए निकला तो इसमें भारी भीड़ शामिल रही। वहीं मां, बाप, भाई के अलावा पत्नी व दो बच्चों शाद व मास का हाल बेहाल था। उन्हें परिवार व मोहल्ले के लोग किसी तरह संभालने का प्रयास कर रहे थे।
एएमयू शिक्षक की हत्या को लेकर अभी कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। परिवार ने अज्ञात में रिपोर्ट कराई है। हमारी तीन टीमें खुलासे के लिए हर विवाद पर सुराग तलाश रही हैं। सीसीटीवी से लेकर सर्विलांस व मुखबिरी तक का सहारा लिया जा रहा है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
- मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी