बीमा कंपनी के कर्मचारी का अपहरण कर पीटने में छह पर केस
मझोला थाना क्षेत्र में बीमा कंपनी के कर्मचारी मयंक शर्मा को अगवा कर पीटने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।कटघर थाना क्षेत्र के गाड़ीखाना निवासी मयंक शर्मा के पिता योगेश कुमार शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा निजी बीमा कंपनी के मानसरोवर कॉलोनी स्थित दफ्तर में कार्यरत है।
तीन दिन पहले कंपनी की ओर से एक पार्टी हुई थी, जिसमें नागफनी के चौरासी घंटा मंदिर के पास रहने वाले कंपनी के ही कर्मचारी सुधांशु चौधरी से मयंक का विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश में शनिवार शाम करीब पौने पांच बजे सुधांशु चौधरी अपने साथियों के साथ मिलकर मयंक को अगवा कर कार में डालकर बुद्धि विहार ले गया और उसके साथ मारपीट की।
इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मयंक को छोड़कर भाग गए। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया कि आरोपी सुधांशु चौधरी और उसके पांच अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।