मुरादाबाद पुलिस कर रही जांच (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : AI
ठाकुरद्वारा के गांव में सोमवार की दोपहर एक छात्रा ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर फंदे पर लटक कर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम भी बुला ली। टीम को मौके से सुसाइड नोट मिला है। इसमें छात्रा ने एक युवक द्वारा ब्लैकमेल किए जाने का जिक्र किया है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। ठाकुरद्वारा के गांव निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य की 18 वर्षीय भतीजी नगर के एक डिग्री कॉलेज में बीए कर रही थी। उसने दोपहर करीब 2:30 बजे अपना कमरा बंद किया और दुपट्टे को फंदा बनाकर कमरे के पंखे से लटक गई।
काफी देर तक उसका कमरा नहीं खुला तो परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोला तो वह फंदे पर लटकी मिली। उसे नीचे उतारते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर सीओ आशीष प्रताप सिंह और कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार भी मौके पर पहुंच गए।
फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। सीओ आशीष प्रताप सिंह के अनुसार पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और फॉरेंसिक टीम की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, छात्रा के चाचा के अनुसार छात्रा गांव के एक युवक की ब्लैकमेलिंग से परेशान थी।
उसने इसी के चलते आत्महत्या की है। उसने सुसाइड नोट में भी यह बात लिखी है। उसने लिखा है कि पापा में आपकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर अपनी जान दे रही हूं। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।