मुरादाबाद जिले में कोराेना ने दस्तक दे दी है। मंगलवार को आरटीपीसीआर जांच में तीन मरीज पॉजिटिव मिले। इनमें लखनऊ के किंग जाॅर्ज मेडिकल काॅलेज की डाॅक्टर सहित भगतपुर टांडा का युवक व कुंदरकी का एक वर्षीय बच्चा शामिल है। सिविल लाइंस निवासी 29 वर्षीय महिला लखनऊ में किंग जाॅर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय में स्त्री रोग विभाग में विशेषज्ञ के रूप में तैनात हैं।
भगतपुर टांडा निवासी 34 वर्षीय युवक गुरुग्राम में नौकरी करता है। छह जून को वह किसी काम से घर आए थे। वापसी के समय से ही उन्हें जुकाम और गले में खराश हुई। उन्होंने मुरादाबाद के निजी हॉस्पिटल में जांच करवाई। मंगलवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ का कहना है कि मरीज का परिवार गुरुगाम में है। वह अकेले हैं और आइसोलेट हैं।
इसी तरह से कुंदरकी निवासी एक वर्षीय बालक का परिवार दिल्ली में रहता है। उसे बुखार आ रहा था। परिजनों ने जांच करवाई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। परिजनों ने बालक को वहीं पर निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार बालक के आधार कार्ड पर मुरादाबाद का पता होने की वजह से उसकी जानकारी यहां आई है।
सभी मरीजों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्हें दवा आदि की जो भी जरूरत होगी, तुरंत उपलब्ध करवाई जाएगी। टीमें भेजकर परिजनों की जांच भी कराई जा रही है। -डॉ. कुलदीप सिंह, सीएमओ
न बने कोरोना की चेन, सैंपलिंग बढ़ाई जाएगी
कोरोना के तीन संक्रमित केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। जिले में वायरस की चेन न बन पाए इसलिए सेंपलिंग का दायरा बढ़ाया जाएगा। अब तक संक्रमित मिले तीनों मरीज के परिवार के सदस्यों की जांच कराई जाएगी। सैंपलिंग न होने तक उन्हें क्वारंटीन रहने के लिए कहा गया है।
सभी सरकारी अस्पतालों के अलावा निजी संचालकों को भी पूरी तैयारी रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। जिला अस्पताल की एमसीएच विंग में व्यवस्थाएं बनाई गई हैं और ऑक्सीजन प्लांट का टेस्ट किया गया है। यहां 30 से 40 बेड आपातकालीन स्थिति के लिए सुरक्षित कर लिए गए हैं।