बिजनौर-संभल में पर्यटन विकसित करना प्राथमिकता : आन्जनेय
केंद्र सरकार से एक साल के लिए प्रतिनियुक्ति बढ़ने पर आईएएस आन्जनेय कुमार सिंह बुधवार को कमिश्नर के पद पर दोबारा ज्वाइन करेंगे। उन्होंने कहा कि बिजनौर और संभल में पर्यटन के क्षेत्र को विकसित करना प्राथमिकता में हैं। सोमवार शाम प्रतिनियुक्ति बढ़ने के बाद मुरादाबाद में दूसरे कार्यकाल के लिए उन्होंने कहा कि बिजनौर और संभल दोनों ही पुरातत्विक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं।
यहां पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अभी कार्य किया जा रहा है। इसे विकसित किया जाएगा, ताकि ऐतिहासिक और पुरातत्विक महत्व बना रहे। आन्जनेय कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वन ट्रिलियन इकोनाॅमी का लक्ष्य दिया है। इसमें कृषि का कितना बढ़ा योगदान है, इसको लेकर मुरादाबाद मंडल में सर्वे करवाया था।
इसमें खेती को व्यवसाय के तौर पर रखा गया है। यह पूरे प्रदेश के किसानों की बेहतरी के लिए आवश्यक है। इसके अलावा छोटे उद्योगाें को एक्सपोर्ट से जोड़ना है। इसके लिए भी ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आदित्य श्रीवास्तव और बिजनौर में कुनाल रस्तोगी के साथ पूरी टीम काम कर रही है। आन्जनेय कुमार सिंह ने कहा कि सिर्फ नदियां ही नहीं, बल्कि सभी जलस्रोतों का पुनरुद्धार करना भी योजना में शामिल है, क्योंकि यह कृषि के लिहाज से अनिवार्य अंग है।
शहरों को किया जाएगा व्यवस्थित
आन्जनेय कुमार सिंह ने बताया कि शहरों को व्यवस्थित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। मुरादाबाद में काफी हद तक इस दिशा में कार्य किया जा रहा है, लेकिन अन्य शहरों में कार्य शुरू होना बाकी है। उन्होंने कहा कि ड्रेनेज और सीवर को अलग करना चुनौतीपूर्ण कार्य है। इसे पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे।
रोजगार के लिए कियोस्क बनाने की शुरुआत की थी। एमडीए को इसका जिम्मा दिया था। नई टॉउनशिप भी लेकर आनी है। झुग्गी आदि अवैध बस्तियों के वाशिंदों के लिए फ्लैट बनाकर उनको शिफ्ट करने की योजना शामिल है। कमिश्नरी के आईसीसीसी में डीएम और एसएसपी का कार्यालय शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।
कृषि-रोजगार आदि योजनाओं पर मुख्यमंत्री के निर्देश पर पिछले तीन वर्ष से हम काम कर रहे हैं। ऐसी कई चीजें हैं, जिसकी अभी रूपरेखा बनाई थी। अब उसका क्रियान्वयन करना है। इसके अलावा जन समस्याओं के निस्तारण पर सबसे ज्यादा जोर रहेगा। सभी जिलाधिकारियों को एक मंच पर लाकर बेहतर व्यवस्था बनाने पर कार्य किया जाएगा। - आन्जनेय कुमार सिंह, कमिश्नर