मुरादाबाद में सपा प्रत्याशी रुचिवीरा ने जीता चुनाव
- फोटो : अमर उजाला
चार प्रत्याशी पहली बार सांसद बने एक ने मैदान बदलकर पाई जीत
मुरादाबाद मंडल की लोकसभा सीटों पर अमरोहा को छोड़ दिया जाए तो सारे नए चेहरे सांसद बने हैं। इनमें भी विशेषता यह है कि पांच में से चार प्रत्याशी पहली बार सांसद बने हैं। जबकि एक ने मैदान बदलकर फतह पाई है।
मुरादाबाद सीट से जीत दर्ज करने वाली सपा प्रत्याशी रुचिवीरा 2019 में आंवला से बसपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुकी हैं। वहां उन्हें भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि वह दूसरे नंबर पर रही थीं।
इनके अलावा रामपुर से सपा के मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी, संभल से जियाउर्रहमान बर्क, बिजनौर से रालोद के चंदन चौहान व नगीना से आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर पहली बार लोकसभा के मैदान में थे।
इन चारों को पहली बार में ही जीत मिली। चंद्रशेखर की दावेदारी के कारण नगीना यूपी की सबसे चर्चित सीटों में शामिल थी। मंडल में जीत का सबसे बड़ा अंतर भी चंद्रशेखर के पास ही रहा। उन्होंने सवा लाख से ज्यादा वोटों से चुनाव जीता।
रामपुर के मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी के बाहरी होने की हवा उड़ी थी, लेकिन उन्होंने शपथ पत्र में स्पष्ट कर दिया था कि वह रामपुर के ही मूल निवासी हैं। जियाउर्रहमान भी संभल के मूल निवासी हैं। जबकि रुचिवीरा बिजनौर, चंदन चौहान मुजफ्फरनगर व चंद्रशेखर सहारनपुर के मूल निवासी हैं।
अमरोहा की बात करें तो भाजपा के कंवर सिंह तंवर 2014 में भी सांसद रह चुके हैं। वह भी मूल रूप से अमरोहा के ही रहने वाले हैं।