फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP Board Result 2025: मुरादाबाद के मेधावियों ने मेहनत और समर्पण से रची सफलता की कहानी, ऐसे बने के प्रेरणास्रोत

Fri, 25 Apr 2025 07:16 PM IST
विमल शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, मुरादाबाद

सार

यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षामें मुरादाबाद जनपद के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के छात्र मयंक सिंह ने प्रदेश में छठवां और जिले में पहला स्थान हासिल किया। चाहत यादव ने 95% अंक प्राप्त कर प्रदेश में 10वीं और जिले में दूसरा स्थान पाया। चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के ही मयंक सैनी ने 93.4% अंकों के साथ जिले में तीसरा स्थान पाया। 
विज्ञापन
इंटर में टॉपर मयंक सिंह, चाहत और मयंक सैनी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुरादाबाद के चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के दो होनहारों ने यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले का नाम रोशन किया है। गौतम नगर निवासी मयंक सिंह ने 95.8 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में छठा और जिले में पहला स्थान पाया है। शिवाजी नगर के मयंक सैनी ने 93.4 प्रतिशत अंकों के साथ जिले यमें तीसरा स्थन पाया है। दोनों छात्रों की सफलता की खास बात यह रही कि इन्होंने बिना किसी कोचिंग के, खुद की मेहनत और अनुशासन से यह मुकाम हासिल किया।

विज्ञापन

मयंक सिंह: टॉप-10 में नाम, सपना इंजीनियर बनने का
मयंक सिंह ने बताया कि उन्होंने परीक्षा से एक माह पहले मॉक टेस्ट के जरिए सभी विषयों की तैयारी को धार दी। हर दिन सात से आठ घंटे पढ़ाई करते थे। उनके पिता देवेंद्र सिंह गैस एजेंसी पर काम करते हैं और माता गृहिणी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है, लेकिन मयंक के हौसले बुलंद रहे। उन्होंने बताया कि जेईई मेन्स की परीक्षा पास कर चुके हैं और 18 मई को होने वाली जेईई एडवांस की तैयारी सेल्फ स्टडी से कर रहे हैं।

मयंक ने भौतिक विज्ञान को अपना पसंदीदा विषय बताया। पिता देवेंद्र सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि मैं ज्यादा नहीं पढ़ सका, लेकिन मेरे सपने अब मेरा बेटा पूरा कर रहा है। बेटा जहां तक पढ़ना चाहेगा उसे पढ़ाऊंगा। मयंक का छोटा भाई नितिन भी हाईस्कूल में 94.6% अंक लाकर परिवार की दूसरी बड़ी खुशी बना।

किसान की बेटी चाहत यादव ने बढ़ाया मान, प्रदेश में पाया 10वां स्थान
डिलारी क्षेत्र की बेटी चाहत यादव ने इंटरमीडिएट परीक्षा 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 10वां और मुरादाबाद जनपद में दूसरा स्थान हासिल किया है। एमएल अकादमी करनपुर की छात्रा चाहत ने अपनी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। चाहत यादव किसान कृष्णवीर सिंह की पुत्री हैं।

चाहत ने बताया कि उन्होंने पढ़ाई के प्रति हमेशा समर्पित रहते हुए लगातार अभ्यास किया। इससे पहले हाईस्कूल में भी वह 94.17 प्रतिशत अंकों के साथ जनपद की टॉप-10 सूची में आठवें स्थान पर रही थीं। इंटर में बेहतर प्रदर्शन कर उन्होंने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है। चाहत ने बताया कि वह आगे चलकर सिविल सेवा में जाकर देश की सेवा करना चाहती हैं।

मयंक सैनी: तकनीक के प्रति रुझान, लक्ष्य इंजीनियरिंग
चित्रगुप्त इंटर कॉलेज के ही छात्र मयंक सैनी ने भी अपनी मेहनत से जिले में तीसरा स्थान पाया। उन्हें कंप्यूटर साइंस में रुचि है और वह इसी क्षेत्र में इंजीनियर बनना चाहते हैं। मयंक के पिता लक्ष्मी प्रसाद सैनी कचहरी में कार्यरत हैं। माता गीता रानी आंगनबाड़ी कार्यकत्री हैं। मयंक ने बताया कि उन्होंने हर विषय को ध्यान और रिवीजन के साथ पढ़ा। जेईई मेन्स पास कर चुके मयंक अब ऑनलाइन कोचिंग के जरिए जेईई एडवांस की तैयारी में जुटे हैं। उनके बड़े भाई एमआईटी से बीटेक कर रहे हैं। पिता लक्ष्मी प्रसाद ने कहा कि बेटे की सफलता पर रिश्तेदारों से फोन की बाढ़ आ गई है। घर में त्योहार जैसा माहौल है। कॉलेज के अध्यापकों ने भी दोनों छात्रों को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विज्ञापन

मुरादाबाद जिले के टॉपर 
 
रैंक छात्र का नाम प्रतिशत (%) स्कूल का नाम
1 मयंक सिंह 95.80 चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, मुरादाबाद
2 चाहत 95.00 एम.एल. एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अलीयाबाद करनपुर डिलारी
3 मयंक सैनी 93.40 चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, मुरादाबाद
3 आर्यन चौहान 93.40 एम.डी.आई.सी. पट्टी मौधा कांठ, मुरादाबाद
4 प्रगति पांडेय 92.60 एस.वी.एम.आई.सी. गुलाबबाड़ी, मुरादाबाद
5 गुरुप्रीत सिंह 92.40 पब्लिक इंटर कॉलेज, पट्टी मौधा कांठ, मुरादाबाद
6 अभिलाष चौहान 91.80 एस.पी.एस.एम.आई.सी. रामूवाला गणेश, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद
7 मोंटी पाल 91.60 एस.वी.एम.आई.सी. गुलाबबाड़ी, मुरादाबाद
8 अक़्सा नूर 91.40 एम.डी.आई.सी. पट्टी मौधा कांठ, मुरादाबाद
9 शहला क़मर 91.00 पब्लिक इंटर कॉलेज, पट्टी मौधा कांठ, मुरादाबाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें