मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाली तलाकशुदा महिला ने अपंजीकृत चिकित्सक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी ने उसे निकाह करने का झांसा देकर तीन साल तक उसका शारीरिक शोषण किया है। पीड़िता ने निकाह करने के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने अपने भाई के साथ मिलकर महिला के साथ मारपीट की। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि पति से उसका तलाक हो चुका है। वह अपने दो बच्चों के साथ कटघर क्षेत्र में रहती है। पीड़ित का कहना है कि उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर निवासी अपंजीकृत चिकित्सक ने कटघर क्षेत्र में ही क्लीनिक खोल रखा है। महिला का कहना है कि वह अपनी और अपने बच्चों की दवा लेने आरोपी के क्लीनिक पर जाती थी। इस दौरान आरोपी से उसके प्रेम संबंध हो गए थे। आरोपी ने महिला को निकाह करने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि इसके बाद आरोपी निकाह करने से इनकार करने लगा। जब महिला ने उस पर दबाव बनाया तो आरोपी टाल मटोल करने लगा। महिला ने ज्यादा दबाव बनाया तो आरोपी ने अपने भाई के साथ मिलकर महिला को कमरे में बंद कर लिया और उसकी पिटाई की। एसएसपी ने कटघर पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए हैं।