बिलारी। पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने शनिवार दोपहर बाद थाना क्षेत्र के धर्मपुर कलां गांव में निर्माणाधीन पुलिस चौकी भवन का निरीक्षण किया। इससे पहले उन्होंने थाना बिलारी के निरीक्षण में विभागीय अभिलेख देखे।
बिलारी से शाहबाद जाने वाली सड़क पर स्थित धर्मपुर कलां गांव में एसएसपी द्वारा थाना बिलारी के पूरब की सीमा के ग्रामों को शामिल करते हुए नई पुलिस चौकी खोले जाने को मंजूरी दी जा चुकी है। अब धर्मपुर कलां गांव में नई पुलिस चौकी का भवन निर्माण किया जा रहा है जो अंतिम चरण में है। पुलिस अधीक्षक देहात ने दोपहर बाद निर्माणाधीन पुलिस चौकी भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने सीओ अशोक कुमार सिंह और थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह को पुलिस चौकी के नए भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराए जाने के निर्देश दिए।
पुलिस चौकी भवन के निरीक्षण से पहले एसपी देहात ने थाना बिलारी का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अभिलेखों की गहराई से जांच की। एसपी देहात ने स्थानीय पुलिस को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का निस्तारण शीघ्र होना चाहिए और पुलिस का जनता के प्रति व्यवहार बेहतर रहना चाहिए।