ठाकुरद्वारा। शनिवार को देर रात नगर के एक मदरसे में चल रही मढ़े की दावत में बिन बुलाए युवकों ने मारपीट की। ईंट-पत्थर फेंके। इससे मारपीट में दो लोग घायल हो गए। नगर के मोहल्ला बंजारान वार्ड 12 निवासी शकील के बेटे की बरात रविवार को जानी है।
उन्होंने मोहल्ला जमुनावाला स्थित एक मदरसे में रात 9 बजे मढ़े की दावत की थी। मेहमान और नगर के लोग वहां दावत खा रहे थे, तभी वार्ड 12 निवासी कुछ युवक नशे में वहां पर पहुंचे। उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। जिसका जफर ने विरोध किया तो आरोपी उनके साथ मारपीट शुरू कर दी, चूल्हे में जल रहे लकड़ी निकाल कर वहां मौजूद लोगों को पीटना शुरू कर दिया। कुर्सियां फेंकने शुरू कर दी। दावत में अफरा तफरी मच गई। लोगों ने मारपीट कर रहे युवक को वहां से भगा दिया। जफर के अनुसार कुछ देर बाद युवा फिर वहां पर आ गए और उन्होंने फिर मारपीट शुरू कर दी। गांव पदिया नगला निवासी मेहमान शाहरुख को पूरी तरह पीटा और उसके कपड़े फाड़ दिए। अन्य मेहमानों के साथ भी मारपीट की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची जिस पर आरोपी वहां से भाग गए। बाद में लोगों ने कोतवाली पर पहुंचकर घटना की शिकायत की और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।