हर वार्ड में पात्रों को लाभ दिलाने के लिए लगाए जा रहे शिविर
मुरादाबाद। भाजपा के पदाधिकारियों का कहना है कि बूथ अध्यक्षों के सक्रिय होने पर कई प्रकार के फीडबैक सामने आने लगेंगे। किन लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। कितने लोग जरूरतमंद हैं। पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि बनवाने के पीछे वोटरों के संख्या में इजाफा करना है।
इसी वजह से हर वार्ड में पात्रों को लाभ दिलाने के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। इसका लाभ 2027 के चुनाव में प्रत्याशियों को मिलेगा। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि भाजपा फरवरी 2026 के बाद 2027 का चुनावी बिगुल फूंक देगी। पार्टी मई और जून का इंतजार नहीं करेगी। अभी विपक्षी दल अन्य कार्यों में व्यस्त हैं। विपक्षी दलों को मात देने के लिए अगले दो माह में पार्टी अन्य कार्यक्रम भी लाएगी।
मंदिर की भूमि पर अस्पताल के निर्माण का मामला सीएम तक पहुंचा
ठाकुरद्वारा नगर में मुरादाबाद हाईवे पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर मढ़ी की जमीन पर आयुर्वेदिक अस्पताल के निर्माण का विवाद सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास पहुंच गया है। इसमें प्रशासन के अधिकारियों पर मंदिर में विराजमान भगवान शिव के अस्तित्व को नकारने का आरोप लगाया गया है।
मंदिर की भूमि को सुरक्षित करने और उसे खुर्द करने की साजिश रचने वाले आरोपित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष दीपक वाल्मीकि ने इसका ज्ञापन पार्टी के जिलाध्यक्ष आकाश पाल के माध्यम से मुख्यमंत्री तक पहुंचाया।
ज्ञापन में बताया कि गाटा संख्या 595 में मंदिर की भूमि राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। वहां पर भगवान शिव की प्रतिमा विराजमान है। कुछ भूमि पर भगवान शिव का मंदिर बना हुआ है और शेष में पेड़ लगे हैं। आरोप है कि जानबूझकर मंदिर की भूमि पर अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है।
नगर पालिका ने अस्पताल के निर्माण के लिए गाटा संख्या 595 ग की भूमि देने का प्रस्ताव बिना भूमि के भौतिक सत्यापन के कर दिया था। इस गाटा संख्या में एक रास्ता भी है। यह रास्ता राजस्व अभिलेखों में दर्ज नहीं है। मंदिर की भूमि पर अस्पताल का निर्माण करने की शिकायत पर डीएम ने तत्कालीन एडीएम प्रशासन गुलाबचंद के नेतृत्व में टीम का गठन किया था लेकिन टीम ने बिना भौतिक सत्यापन रिपोर्ट बनाकर भेज दी।
ज्ञापन में अधिकारियों की इस जांच रिपोर्ट को निरस्त करने, अधिकारियों की टीम बनाकर भूमि की निष्पक्ष जांच और मंदिर की भूमि को सुरक्षित करने की मांग की गई है। इस संबंध में डीएम से भी शिकायत की गई है। जिस पर मंदिर की भूमि पर अस्पताल का निर्माण न होने का आश्वासन दिया गया है।
आर्थिक अपराध न्यायालय समेत अन्य कोर्ट स्थापित करने की मांग
मुरादाबाद में डीआरटी कोर्ट, आर्थिक अपराध न्यायालय, सीबीआई कोर्ट व स्टेट कंज्यूमर फोरम स्थापित करने की मांग को लेकर दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नाम से विधायक रामवीर सिंह को ज्ञापन सौंपा।
दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि मुरादाबाद मुख्यालय में बार काउंसिल उत्तर प्रदेश से पंजीकृत व प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं की संख्या 3500 से अधिक है। अमरोहा और संभल जिले के न्यायिक जनपद के रूप में स्वतंत्र रुप से अलग-अलग कार्य कर रहे हैं। मुरादाबाद मुख्यालय के अधिवक्ताओं के पास कम कार्य क्षेत्र होने के कारण वकालत के कार्य में लगातार आर्थिक गिरावट आ रही है।
घायल संविदा कर्मी को सहायता दिलाने की मांग
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ ने ड्यूटी के दौरान घायल संविदा कर्मी मैकू लाल संजीव सैनी को मुख्यमंत्री से आर्थिक सहायता की मांग की है। बताया कि संविदाकर्मी की पैर और रीढ़ की हड्डी टूटने के कारण वह चलने फिरने में असमर्थ है।
संविदा कर्मचारी संघ के पदाधिकार सोमवार को सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे लेकिन अंदर जाने की इजाजत नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने एसीएम प्रथम अभय सिंह को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। बताया कि बंगला गांव निवासी संविदा कर्मी मैकूलाल संजीव सैनी शिवपुरी बिजली घर के नजदीक रोडवेज वर्कशाप के पीछे पेड़ काटने के लिए साथियों के साथ गया था।
पेड़ काटते समय एक डाली मैकूलाल के ऊपर गिर पड़ी। इस दौरान मैकू लाल संजीव सैनी पैर और रीढ़ की हड्डी टूट गई। उसे कांठ रोड स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। संघ ने पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से संविदाकर्मी की आर्थिक मदद करने की गुहार लगाई है।