मुरादाबाद। मुरादाबाद एक्सप्रेस के नाम से मशहूर अल्ट्रा रनर जैनुल आबेदीन 555 किमी की दौड़ पूरी करके मंगलवार को मुरादाबाद पहुंचे। उन्होंने 17 अगस्त को प्रयागराज से यह दौड़ शुरू की थी। जैनुल ने यह दौड़ रामगंगा की स्वच्छता के लिए नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत पूरी की।
इसके लिए जल शक्ति मंत्रालय ने उन्हें स्पांसर किया। 15 अगस्त को बस द्वारा जैनुल प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे। तब कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह ने उन्हें एक लाख रुपये का चेक सौंपा था। जैनुल ने प्रयागराज के संगम घाट से 17 अगस्त को दौड़ शुरू की। वहीं प्रयागराज जोन के एडीजी प्रेम प्रकाश ने उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौड़ में जैनुल के साथ उनकी टीम के चार सदस्य गौरव कुमार, मोहम्मद सुहेल, कार्तिकेय सिंह और मोहम्मद हमजा शामिल रहे। मंगलवार को शाम सात बजे जब वह दौड़ पूरी करके सोनकपुर स्टेडियम पहुंचे तो जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह, सीडीओ आनंद वर्धन, सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह ने उनका स्वागत किया। जैनुल और उनकी टीम को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न भेंट किया गया। क्रीड़ाधिकारी प्रेम कुमार ने खेल विभाग की ओर से टी-शर्ट और बैग देकर सम्मानित किया। इस मौके पर कमांडेंट अतुल शर्मा, जिला ओलंपिक संघ के सचिव अजय पाठक, बॉक्सिंग संघ के सचिव एसके क्षेत्री, फुटबॉल कोच सचिन विश्नोई, इसरार, परिवर्तन दी चेंज संस्था के अध्यक्ष कपिल कुमार आदि मौजूद रहे।