रामपुर। शहजादनगर थाना क्षेत्र के उदयराज मड़ियान गांव के सामने सोमवार रात को तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। इसमें मेरठ के रहने वाले लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मेरठ जिले के किठौर थाना क्षेत्र के भटीपूरा गांव निवासी प्रिंस साथी सुरेंद्र सिंह के साथ सोमवार रात को कार से ससुराल बरेली जा रहे थे। शहजादनगर थाना क्षेत्र के उदयराज मड़ियांन गांव के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार डिवाइडर से टकरा गई, इससे कार सवार दोनों युवक कार के अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह दोनों युवकों को बाहर निकला। मौके पर ही दोनों युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन देर रात ही सरकारी अस्पताल पहुंच गए। बाद में पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शहजादनगर थाना प्रभारी परवेज कुमार चौहान ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।