थाना क्षेत्र में 24 घंटे के अंदर दो युवकों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। नाजरपुर निवासी मनोज कुमार (20) दिमागी रूप से कमजोर था। वह घर से दलपतपुर आ रहा था। करीब पांच बजे वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था तभी मुरादाबाद की तरफ से आ रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया। ट्रेन की टक्कर से मनोज का शरीर क्षत विक्षत हो गया।
स्थानीय लोगों व पुलिस ने आधार कार्ड के जरिये उसकी पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने बताया कि तीन बेटों में मनोज सबसे बड़ा था। दूसरी घटना अक्का डिलारी के फाटक के पास हुई। एक शव वहां पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। बाद में उसकी शिनाख्त दीपक साहू निवासी पश्चिम चंपारण बिहार के रूप में हुई। लोगों का कहना है कि उसकी मौत ट्रेन से गिरकर हुई है।