पाकबड़ा (मुरादाबाद)। पाकबड़ा थानाक्षेत्र में शनिवार रात एनएच-24 पर गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार देवरानी, जेठानी की मौत हो गई। चालक जख्मी हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया है। बाइक सवार तीनों लोग एक रिश्तेदार की मौत होने पर परिवार को सांत्वना देने उनके घर गए थे, वहां से लौटते वक्त हादसा हुआ।
एसओ पाकबड़ा नीरज शर्मा ने बताया कि डिडौली थानाक्षेत्र निवासी विमला देवी (58) पत्नी छत्रपाल सिंह अपनी देवरानी शीला देवी (51) पत्नी स्वर्गीय योगेश कुमार और शीला के बेटे मोहित के साथ शनिवार सुबह असमोली थाना क्षेत्र के पदारथपुर गांव गई थी। यहां पर रहने वाले विमला के मौसा की मौत हो गई थी। वे तीनों दुख में शामिल होने गए थे। वहां से रात करीब करीब आठ बजे बाइक पर सवार होकर तीनों अपने घर डिडौली वापस जा रहे थे। हाइवे पर सीएनजी पंप के पास गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में विमला देवी और शीला देवी की मौत हो गई। ट्रक का पहिया दोनों महिलाओं के ऊपर से होकर गुजर गया। बाइक चला रहा मोहित दूर जाकर गिरा। वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मोहित को टीएमयू में भर्ती कराया है। दोनों महिलाओं के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा है। हादसे की सूचना जब परिवार में पहुंची तो कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग पाकबड़ा थाने पहुंचे और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।