मुरादाबाद। जिले की चार चीनी मिलें निर्धारित समय से पहले बंद हो जाएंगी। अभी तक जिले में 204 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हुई है। पिछले साल की तुलना मेंं 22 लाख क्विंटल कम है।
मिलों की बंदी का प्रमुख कारण गन्ने का उत्पादन घटना है। राणा ग्रुप की बेलवाड़ा और बिलारी चीनी मिल मंगलवार रात तक बंद हो जाएंगी। जिला गन्ना अधिकारी राम किशन ने बताया कि रानी नांगल (ठाकुरद्वारा) और अगवानपुर चीनी मिल मार्च के प्रथम सप्ताह तक चलेंगी। उन्होंने कहा कि चीनी मिलें मार्च के अंत तक बंद होती थीं लेकिन इस बार गन्ने के उत्पादन में कमी के कारण मिलें समय से पहले बंद हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि मंगलवार तक किसानों का 80 प्रतिशत तक भुगतान होने की संभावना है। चीनी मिलों पर भुगतान के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। लाल सड़न रोग के कारण गन्ने का उत्पादन प्रभावित हुआ है।