मुरादाबाद सिटी एसपी अमित कुमार आनंद
- फोटो : ani
रविवार को हुई केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) में मुरादाबाद में दो सॉल्वर पकडे गए हैं। अलग-अलग केंद्रों पर पकड़े गए इन युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है। दोनों बिहार के रहने वाले हैं। कक्ष निरीक्षकों की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जिले में रविवार को 66 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा थी। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल के केंद्र पर प्रथम पाली में निरीक्षण के दौरान कक्ष निरीक्षक श्वेता भंडूला ने बिजनौर जिले के ग्राम नजरपुर बकैना निवासी खिलेंद्र सिंह का रोल नंबर जांचा तो उन्हें शक हुआ। सख्ती से पूछताछ पर उसने स्वीकार किया कि वह पटना (बिहार) के ग्राम हमीरपुर फरमोर का रहने वाला पंकज कुमार है। खिलेंद्र के स्थान पर परीक्षा देने आया था। प्रधानाचार्य सविता सिंह की सूचना पर पुलिस ने पंकज और खिलेंद्र सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
इसके अलावा मझोला थाना क्षेत्र में आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल के स्टाफ ने चेकिंग के दौरान अमरोहा के ग्राम मोहनपुर शुमाली निवासी इरशाद अली के स्थान पर परीक्षार्थी देते हुए एक अन्य युवक को पकड़ा। प्रिंसिपल हेमंत कुमार झा के मुताबिक पूछताछ में उसने अपना नाम राकेश कुमार यादव निवासी ग्राम सिघराही थाना लधनिया जिला मधुबनी (बिहार) बताया। रोल नंबर पर फोटो मिलान के दौरान ही उसे पकड़ा गया। शिक्षक शशांक शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने राकेश कुमार व इरशाद अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के साथ राकेश को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि दोनों गिरफ्तार युवकों से पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि दोनों साल्वर गिरोह के सदस्य हैं और उनसे इस गिरोह के बारे में अहम जानकारियां मिल सकती हैं।