मुरादाबाद। जिले में डेंगू से दो और मौत हो गई। डिलारी क्षेत्र की डेंगू की पीड़ित वृद्ध महिला और युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो डेंगू पीड़ितों को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं जिले में डेंगू के 19 नए केस मिले हैं। डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 319 हो गई है।
सुल्तानपुर मुंडा गांव निवासी रघुवीर सिंह की पत्नी शांति देवी (75 ) को उल्टी और चक्कर के साथ सिर में तेज दर्द की शिकायत हुई थी। उन्हें धारकनंगला अस्पताल में भर्ती कराया था। बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। चांदखेड़ी निवासी मोहम्मद नबी की पुत्री सदब (18) को पांच दिन से बुखार आ रहा था। पहले गांव में इलाज कराया। इसके बाद कॉसमॉस हॉस्पिटल मुरादाबाद ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कॉसमॉस हॉस्पिटल में रनवीर सिंह, सुशांत सिंह का इलाज चल रहा है।