शाहजहांपुर। नकली नोट बनाने के मामले में चौक कोतवाली में मुरादाबाद के रहने वाले डॉ. नफीस अहमद व पंकज गंगवार के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
24 जून 2025 को चौक कोतवाली पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था। इस गिरोह का मास्टरमाइंड पैथोलॉजिस्ट मुरादाबाद जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र के कमालपुर फतेहाबाद निवासी डॉ. नफीस अहमद था। वह कार से नकली नोट छापने का पूरा सेटअप लेकर शाहजहांपुर में किराये पर रहने के लिए आ रहा था।
पुलिस ने घेराबंदी कर डॉ. नफीस व उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के मोहल्ला तीन पानी डाम फुलसूंगा रुद्रपुर निवासी पंकज गंगवार समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 4.61 लाख रुपये के नकली नोट मिले थे।
आरोपी नफीस व पंकज गंगवार ने पुलिस पूछताछ में बताया था कि प्रिंटर के माध्यम से नकली नोट छापने के बाद आसपास के जनपदों में जाकर चला देते थे। इंस्पेक्टर अश्वनी सिंह ने बताया कि दो लोगों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।