बिलारी। थानाक्षेत्र में सिरसी रोड पर ग्वालखेड़ा गांव के पास मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे आमने-सामने से दो बाइकों की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार सवार ट्रक चालक गिरिराज सिंह (23) और दूसरी बाइक पर सवार 12वीं के छात्र उज्जवल उर्फ अखिलेश (18) की मौत हो गई जबकि उज्जवल उर्फ अखिलेश का साथी दीशू उर्फ दिवाकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि बिलारी थाना क्षेत्र के अमरपुरकाशी गांव निवासी ओमप्रकाश सिंह का बेटा गिरिराज सिंह संभल जिले के अतौरा गांव में अपनी बुआ के घर गया था। मंगलवार की रात गिरिराज सिंह बाइक से अपने घर लौट रहा था। रात साढ़े आठ बजे बिलारी सिरसी रोड पर गिरिराज की बाइक सामने से आ रहे सोनकपुर के भिड़वारी गांव निवासी उज्जवल उर्फ अखिलेश की बाइक से टकरा गई। हादसे के समय उज्जवल उर्फ अखिलेश के साथ उसका मित्र दीशू उर्फ दिवाकर भी मौजूद था। इस हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को सीएचसी बिलारी पहुंचाया। यहां मंगलवार की देर रात चिकित्सकों ने गिरिराज को मृत घोषित कर दिया था जबकि बुधवार की सुबह उज्जवल उर्फ अखिलेश की भी मौत हो गई। तीसरे घायल दीशू की हालत गंभीर बनी हुई है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
बुआ के घर से लौट रहा था गिरिराज
बिलारी। हादसे में जान गंवाने वाला अमरपुरकाशी गांव निवासी गिरिराज ट्रक चालक था। उसके परिवार में मां शकुंतला देवी के अलावा दो बड़े भाई पप्पू और अनुज और बहन दीक्षा है। हादसे के समय वह बुआ के घर से मेहमानदारी करने के बाद घर लौट रहा था।
इकलौटे बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
बिलारी। इस हादसे में जान गंवाने वाला 18 वर्षीय उज्जवल उर्फ अखिलेश सोनकपुर स्थित आरएसएम इंटर कॉलेज में बारहवीं कक्षा का छात्र था। भिड़वारी गांव निवासी पिता गुलाब सिंह किसान हैं। परिवार में पिता के अलावा मां अंजू देवी और छोटी बहन केशवी है। वह अपने मां बाप का इकलौता बेटा था। मंगलवार की देर रात अपने गांव से करीब दो किमी दूर हुए सड़क हादसे में बाइकसवार छात्र उज्जवल की जान चली गई। उज्जवल उर्फ अखिलेश अपने मित्र दीशू उर्फ दिवाकर के साथ बाइक से ग्वालखेड़ा गांव में अपने परिचित से मिलने गया था। हादसे के समय दोनों भिड़वारी गांव लौट रहे थे।