सिरसवां दोराहा। भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव सेहल में विकास कार्यों की जांच के लिए पहुंची टीम के सामने ही दो पक्ष भिड़ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिससे हंगामा हो गया। कुछ लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। विवाद की वजह से टीम बिना जांच किए ही मौके से वापस चली गई।
क्षेत्र पंचायत भगतपुर टांडा की ग्राम पंचायत सेहल निवासी सचिन शर्मा, मोहित कुमार एवं अंकित कुमार ने डीएम को शिकायती पत्र देकर गांव में हुए विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच मांग की थी। इस पर बुधवार को समाज कल्याण विभाग के पर्यवेक्षक अनिरुद्ध, डीआरडीए के सहायक अभियंता सहित लगभग छह अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की तभी दोनों पक्षों में विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई और खूब हंगामा हुआ। तभी किसी ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जानकारी पाकर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांचाल भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे और मामला शांत किया। थाना प्रभारी का कहना है कि देर रात तक किसी भी पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर नहीं मिली है।