भगतपुर। सिरसवां हरचंद्र निवासी ट्रांसपोर्टर राजेश कुमार पर फायरिंग मामले में पुलिस ने बुधवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पूरन सिंह व राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से दो तमंचे और तीन कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस एक आरोपी आकाश कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस मामले में सात आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
21 फरवरी को राजेश कुमार ने थाना नागफनी में आरोपी पक्ष के दस नामजद व कुछ अज्ञात के विरुद्ध फर्जी तरीके से ट्रस्ट बनाकर सिरसवां हरचंद्र स्थित एक शिक्षण संस्थान को हड़पने व जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिससे आरोपी पक्ष उनसे रंजिश रख रहा था। आरोप है कि रविवार को राजेश कुमार मुरादाबाद से रात्रि में बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे, तभी सिरसवां हरचंद्र के चौराहे पर हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी जिसमें राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इस संबंध में राजेश कुमार की तहरीर के आधार पर पूर्व ब्लाक प्रमुख पूरन सिंह एवं उनके पुत्र आकाश यादव एवं विशाल यादव, अमित यादव, राजेंद्र सिंह, सुनील यादव, दुष्यंत यादव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
थाना प्रभारी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि बुधवार को दो आरोपी पूरन सिंह व राजेंद्र सिंह को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया है। आरोपियों के पास से दो तमंचे और तीन कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस पूर्व में आरोपी आकाश यादव को जेल भेज चुकी है।